स्त्री-मन की बेचैनी को दिखलाती जैनेंद्र कुमार की कहानी 'पत्नी'
जैनेन्द्र कुमार की 'पत्नी' कहानी स्त्री-मन की बेचैनी को अत्यंत बारीकी से उजागर करती है। सुनंदा जिस एकाकीपन, झुंझलाहट, बेचैनी और उपेक्षा को सह रही है वह मध्यवर्गीय परिवार की प्रायः स्त्रियों की दशा है। स्त्री को अच्छी शिक्षा देने के स्थान पर उसकी शादी कर दी जाती है फलत: उसका संपूर्ण मानसिक विकास नहीं हो पाता है। सुनंदा वैचारिक रूप से अपने पति के साथ होना चाहती है मगर उसकी बुद्धि का विकास उस स्तर का नहीं है। इससे उसका मन कुंठित होता है। उसके मन की बेचैनी के साथ जैनेन्द्र कुमार ने इस कहानी में उसके एकाकीपन से उपजी झुंझलाहट को भी उजागर किया है।
हिंदी कथा साहित्य में जैनेंद्र कुमार प्रेमचंद के समकालीन चर्चित कथाकार हुए हैं। हिंदी साहित्य में मनोविश्लेषण की अवधारणा को स्थापित करने का श्रेय जैनेंद्र कुमार को जाता है। मनोविश्लेषण से तात्पर्य पात्र के अंतःकरण के उधेड़बुन को चित्रित करने से है। इसके मूल में फ्रायड का सिद्धांत कार्य करता है जहाँ मानव के अंतर्मन की बारीकियों के विश्लेषण पर विशेष बल दिया गया है। इस धारा के कथाकार घटना प्रधान कथा के स्थानपर चरित्र प्रधान कथा पर विशेष बल देते हैं। चरित्र के विश्लेषण में भी चरित्र के बाह्य जगत के विश्लेषण के स्थान पर अंत:जगत के विश्लेषण पर इनका बल अधिक है। जैनेंद्र कुमार ने अपनी कहानियों और उपन्यासों में जिन पात्रों को केंद्र में रखा है, उनके मनोभावों का पूर्ण विश्लेषण किया है। 'पत्नी कहानी में जैनेंद्र कुमार ने सुनंदा के अंतर्मन का विश्लेषण जिस सूक्ष्मता से किया है वह हिंदी कथा साहित्य के लिए अद्वितीय है। कहानी में घटना के विश्लेषण के स्थान पर चरित्र के विश्लेषण पर कथाकार का जोड़ अधिक है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि पूरी कहानी को एक ही दृश्य में समाप्त कर दिया गया है। कहानी की केंद्रीय पात्र 'सुनंदा' के चरित्र को दिखलाने के लिए कथाकार ने घटना को कोई विस्तार नहीं दिया है। पूरी कहानी एक दिन के कुछ ही घंटे के घटित होने के दरमियान सिमटी हुई है। सुनंदा के दिनचर्या को दिखलाना भी लेखक ने मुनासिब नहीं समझा है। उन्होंने उसके मानसिक उद्वेगों से पूरी कहानी का भाव स्पष्ट कर दिया है।
'पत्नी कहानी में राष्ट्र-मुक्ति और स्त्री-मुक्ति की दो अलग-अलग पृष्ठभूमि को चर्चा के केंद्र में रखा गया है। राष्ट्र-मुक्ति के लिए कालिंदीचरण और उसके सहयोगी प्रयासरत हैं। स्त्री-मुक्ति के लिए सुनंदा की दशा और उसके अंतर्मन की बेचैनी को रुपायित किया गया है। सुनंदा निम्न मध्यवर्गीय भारतीय समाज की स्त्रियों की जीवन-दशा का प्रतिनिधित्व करती है। उसके बारे में लेखक ने लिखा है कि वह संभ्रांत कुल की महिला प्रतीत होती है। “उसकी अवस्था बीस-बाइस के लगभग होगी। देह से कुछ दुबली है और सम्भ्रांन्त-कुल की मालूम होती है।”(1)
जैनेंद्र कुमार की कहानियों को देखें तो वहाँ घटनाएँ बिल्कुल सीमित मात्रा में घटती हैं। पात्रों के बाह्य विकास पर जैनेंद्र कुमार का ध्यान कभी गया ही नहीं। वे घटनाओं को शिथिल कर देते हैं, पात्रों के चारित्रिक विकास को अवरूद्ध कर देते हैं, जिससे पानी का बहाव इधर-उधर जाने से रुक जाता है और एक ही जगह है सारा-का-सारा जल केंद्रित होता है, अर्थात कहानी का पूरा केंद्र पात्र के भीतर चल रहे अंतर्द्वंद्व को उभारने पर स्थिर हो जाता है। 'पत्नी' कहानी में सुनंदा, कहानी के आरंभ में जहाँ बैठी थी अंत में भी वहीं बैठी है। बीच में भी कहीं नहीं जाती है। वह चौका-बासन का काम करने से शुरू करती है और अंत तक वहीं बैठी हुई है। अर्थात घटना में रत्ती भर भी विकास नहीं हुआ है। सुनंदा के बाहरी चरित्र का वर्णन पूरी कहानी में इतना भर कि, वह एक बीस वर्षीय युवती है जो शरीर से बहुत ही दुबली पतली, कमजोर प्रतीत होती है। इसके अलावा उसके भौतिक जगत का कोई वर्णन जैनेंद्र कुमार इस कहानी में नहीं करते हैं। उनका पूरा का पूरा ध्यान सुनंदा के मन में चल रहे उधेड़बुन को चित्रित करने में रहा है।
कालिंदीचरण जो की समानांतर पात्र के रूप में चित्रित है, उसके चरित्र पर सुनंदा की अपेक्षा थोड़ा सा अधिक समय जरूर दिया गया है। उसके स्वभाव, स्वभाव की नम्रता और उग्रता पर और उसके क्रियाकलापों पर लेखक ने कुछ प्रकाश डाला है लेकिन यह- घटना और पात्र का विस्तार भी बहुत कम स्थान घेरता है। सब मिल कर सुनंदा के अंतर्द्वंद्व को विस्तार देने का ही काम करते हैं।
अब एक मूल बात जो उभर कर सामने आती है वह यह है कि सुनंदा, पति के भोजन करने से पूर्व स्वयं भोजन नहीं करती है। दोपहर का समय बीतते जाने के बावजूद उसके मन में यह ख्याल नहीं आता है कि कालिंदीचरण जब आएगा तब भोजन करेगा, वह अपने हिस्से का भोजन करने को स्वतंत्र है। यह भी दिखता है कि वह इस आस में रोटी बनाकर नहीं रख रही है और चूल्हा जलाए रखने को विवश है कि कालिंदीचरण के आने पर रोटी बनाएगी। वह चाहती तो पहले रोटी बना कर रख देती। इस झंझट से निवृत हो लेती। अंत में एक बार उसके मन में उठता जरूर है कि, दो आदमी के भोजन में जब कालिंदीचरण के तीन और मित्र आ जाते हैं तो सारा का सारा भोजन उन लोगों के सामने वह क्यों परोस देती है ? वह खुद के लिए कुछ नहीं रखती। यह अपने प्रति किया गया उसका अत्याचार है। लेकिन यह भाव आते ही लुप्त हो जाता है और उसे अफसोस होता है कि उसने अपने मन में इस क्षुद्रता को कैसे पनपने दिया। ये सारे दृश्य निम्न मध्यवर्गीय भारतीय परिवार की स्त्रियों की रूढ़िवादी सोच को दर्शाते हैं। कई आलोचकों ने इस पर मत दिया कि जैनेंद्र कुमार को इन रूढ़ियों को टूटते हुए दिखलाना चाहिए, इसका यथावत लेखन इन रूढ़ियों का पोषण करने जैसा प्रतीत होता है। लेकिन हम सही मायने में विचार करने पर यह पाते हैं कि इन घटनाओं का इस तरह से चित्रित किया जाना ही जैनेंद्र कुमार को जैनेंद्र कुमार बनाता है। इन रूढ़ियों को तोड़ देना जैनेंद्र कुमार के लिए कोई बड़ी बात नहीं थी, लेकिन ये रूढ़ियाँ जैनेंद्र कुमार की कहानियों की नहीं हैं, ये रूढ़ियाँ समाज की हैं। और कहानियों में इस रूढ़ियों के टूटने से यह समाप्त नहीं होने वाली हैं। इसके लिए आवश्यक है कि इनको तोड़ने का प्रयास समाज के द्वारा किया जाए, इसमें बंधी हुई स्त्रियों के द्वारा किया जाए। इन्हीं कारणों से जैनेंद्र कुमार इन्हें कहानी में तोड़ने के बजाय बारीक रूप से उभार देते हैं। समाज के सामने विचारार्थ इसे प्रस्तुत कर देते हैं कि समाज स्वयं इस बिंदु पर विचार करे और इसमें निहित अंधरूढ़ियों को तोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाए। इसी ओर इशारा करते हुए रोहिणी अग्रवाल ने अपने लेख में लिखा है, “वे स्त्री के जीवन को यातनापूर्ण बनानेवाली सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार नहीं करते, स्त्री की मानसिकता को कुंठित करनेवाली संस्कारग्रस्तता पर चोट करते हैं। इसलिए वे प्रेमचंद और प्रसाद की तरह स्त्री को पुरुष के प्रभामंडल में घेरकर स्त्री-मुक्ति की बात नहीं करते, वरन् पहले एक परतंत्र लैंगिक इकाई के रूप में स्त्री की व्यक्तित्वहीनता को उभारते हैं, और फिर तदनुरूप यथास्थितिवाद से जूझने का आक्रोश पाठकों के भीतर भरते हैं।”(2)
सुनंदा जिन परंपराओं का निर्वहन कर रही है और भीतर-ही-भीतर घुट रही है उन्हें स्वयं सुनंदा तोड़े यह आवश्यक है। जैनेंद्र कुमार के द्वारा किया गया प्रहार वहाँ कोई सकारात्मक परिणाम नहीं दे सकेगा। सुनंदा के भीतर विद्रोह की कुछ लहरें उठती दिखाई देती है। कालिंदीचरण के बार-बार टोकने के बावजूद मौन धारण किए रहना, उसके आक्रोश की उपेक्षा करना, बर्तन को जोर से खींचना, तवे को उलट देना, चुपचाप सारा का सारा खाना ले जाकर कालिंदीचरण और उनके मित्रों के बीच परोस देना आदि को देखा जा सकता है। “सुनन्दा कठोरता-पूर्वक शून्य को ही देखती रही। उसने पति की ओर नहीं देखा।”(3) ये सभी घटनाएँ सुनंदा के विद्रोह को रेखांकित करती हैं। इन घटनाओं में स्पष्ट देख पा रहे हैं कि घर में बैठी हुई सुनंदा ने अपनी नियति को स्वीकृत तो कर रखा है लेकिन इसका निर्वहन बहुत अधिक दिनों तक नहीं होने वाला है। ऊपर वर्णित परंपराओं को यदि स्वयं सुनंदा नहीं तोड़ती है तो उसी की प्रतिरूप उसके आगे आने वाली पीढ़ी उसे निश्चित ही तोड़ डालेगी।
घर जाकर कालिंदीचरण सुनंदा को भोजन बनाने के लिए समय भी देता है। उसके पास समय का अभाव नहीं है। वह चाहता है कि सुनंदा उसके साथ आए उसके मित्रों के लिए कुछ और भोजन बना दे। सुनंदा चाहती तो यह काम कर सकती थी और यदि वह रूढ़ियों का पूर्णतया पालन करने वाली ही पात्र होती तो वह ऐसा करती भी, लेकिन कहानी में हम साफ देखते हैं कि सुनंदा बनाई हुई सारी रोटियाँ, बगैर अपने लिए रखे उनके सामने परोस देती है, लेकिन वह और अधिक रोटी बनाने को तैयार नहीं है। वह बोलती कुछ नहीं लेकिन उसके मन में एक विद्रोह छुपा हुआ है।
सुनंदा के विद्रोह का सबसे बड़ा कारण अगर हम इस कहानी में तलाश करें तो वह कुछ इस प्रकार हमारे सामने आता है कि, उसकी इच्छा है पति जिन चीजों में लगा हुआ है, उसपर जैसे वह अपने मित्रों से बात करता है, दूसरों से बात करता है, वैसे थोड़ी सी बातें उससे भी कर लिया करे। परिवार में दो ही प्राणी हैं सुनंदा और कालिंदीचरण, ऐसे में कालिंदीचरण अगर पूरी तरह से सुनंदा से कटा हुआ रहेगा या अपनी गतिविधियों में उसे शामिल नहीं करेगा तो सुनंदा का अकेलापन उसे भीतर ही भीतर खोखला करता रहेगा। अब हम देखते हैं कि सुनंदा इस तथ्य को स्वीकार कर लेती है कि मैं कम पढ़ी-लिखी हूँ, उनकी बातों को समझने की क्षमता मुझ में नहीं है लेकिन उन्हें यह कोशिश करनी चाहिए कि वे अपनी बातें मुझे समझाएँ। अपने विचारों में मुझे सहभागी बनाएँ। “उसने बहुत चाहा कि पति उससे भी कुछ देश की बात करें। उसमें बुद्धि तो जरा कम है, पर फिर धीरे-धीरे क्या वह भी समझने नहीं लगेगी? सोचती है कम पढ़ी हूँ, तो इसमें मेरा ऐसा कसूर क्या है ?”(4) यहाँ स्त्री स्वतंत्रता की एक बहुत बड़ी बात सुनंदा जैसी परंपरावादी पात्र के माध्यम से जैनेंद्र कुमार ने रेखांकित किया है कि स्त्री, पति के साथ सिर्फ दैहिक या भोजन के स्तर पर नहीं चलना चाहती है, वह चाहती है कि मानसिक यात्रा में भी या बैचारिक यात्रा में भी पति उसे शामिल करे। वहाँ भी उसे सहभागी होने का अवसर मिले।
कालिंदीचरण स्वतंत्रता की बात करता है, सरकार की बात करता है, सरकार के अत्याचारी होने की बात करता है, सुनंदा इसमें से किसी शब्द से वाकिफ नहीं है। उसे यह पता नहीं है कि यह सरकार क्या है ? इस शब्द का अर्थ क्या है? यह कौन है जो समाज पर अत्याचार कर रही है, जिसके विरुद्ध उसके पति और उनके मित्रों का संघर्ष चल रहा है? उसे कुछ पता नहीं है, लेकिन वह यह सब कुछ जानने को उत्सुक है, अगर उसका पति ये बातें उससे साझा करे, उसे समझाने का प्रयास करे। यहाँ भी अगर हम जैनेंद्र कुमार के इशारे को समझे तो स्त्री मुक्ति पर उनकी पहल दिखाई पड़ती है। उनका ध्येय यह रेखांकित करना है कि सुनंदा का अल्प शिक्षित होना उसकी कमजोरी नहीं है, यह पितृसत्तात्मक वर्ग की कमजोरी है जहाँ मायके में रहते हुए उसे मानसिक विकास और शिक्षा का पूर्ण अवसर प्रदान नहीं किया गया और विवाह के बाद उसका पति जिस पर वह आश्रित है, वह उसके विचारों को विकसित करने का कोई प्रयास नहीं कर रहा है। वह राष्ट्र की मुक्ति के लिए प्रयासरत है लेकिन अपनी पत्नी की मानसिक मुक्ति पर उसका कोई ध्यान नहीं है। वह चाहता है (वह अर्थात जिस परिवेश में सुनंदा जन्म लेती है, पलती, बढ़ती है) कि सुनंदा (स्त्री) चूल्हा-चौका और रोटी तक सिमट कर रहे। उससे अधिक की चीजों पर विमर्श करने की आवश्यकता उसे नहीं है। लेकिन सुनंदा की छटपटाहट स्पष्ट प्रतीत होती है कि वह पति से इस बात को लेकर काफी नाराज है कि वह अपनी मानसिक यात्रा में सुनंदा को छोड़कर अकेले क्यों निकलता है।
सुनंदा के चरित्र में एक द्वंद्व की स्थिति का वर्णन जैनेंद्र कुमार करते हैं, जो उसके मन के अंतर्जगत को उद्घाटित करने का काम करता है। एक ओर तो सुनंदा अपने पति के लिए भूखी बैठी रहती है, रोटी बनाने में देर करती है, जिससे कि उसके पति को ठंडी रोटी नहीं खानी पड़े। वहीं दूसरी ओर वह मन ही मन खुदपर खीझती भी है। यह द्वंद्व ही एक मनुष्य के पूर्ण स्वरूप को उजागर करता है। यदि जैनेंद्र कुमार चाहते तो उसके मन की खीझ को छुपा सकते थे। उसे एक आदर्श पतिव्रता स्त्री के रूप में चित्रित कर सकते थे लेकिन जैनेंद्र कुमार का ध्येय सुनंदा के मन में चल रहे संपूर्ण द्वंद्व को उद्घाटित करना रहा है। एक घटना में और हम देखते हैं कि सुनंदा अपने लिए खाना बचाए बिना ही सब कुछ पति और उसके मित्रों के सामने परोस देती है. लेकिन उसका मन थोड़ा आहत होता जरूर है कि उसका पति एक बार भी (ऊपरी मन से ही सही) उससे पूछता तक नहीं है कि तुमने अपने लिए कुछ रखा है या नहीं ? एक ओर सुनंदा त्याग की प्रतिमूर्ति है तो दूसरी ओर अपने मन का भाव भी उसके मन को आहत करता है। फिर वह तुरंत अपने आप को धिक्कारने लगती है कि इस तरह के ओछे ख्याल उसके मन में क्यों आते हैं। चरित्र का यह द्वंद्व ही सुनंदा के संपूर्ण व्यक्तित्व को उद्घाटित करता है। “उल्लेखनीय है कि अपनी ही पूर्व-मान्यता के विपरीत आकर ये पात्र अपने को झूठलाते नहीं, बल्कि अंतर्विरोधों के ज़रिए व्यवस्था के साथ अपने द्वंद्वात्मक संबंध के सत्य का बखान कर जाते हैं।”(5)
जैनेंद्र कुमार को स्त्री-मन के चितेरे के रूप में उद्घाटित करते हुए रोहिणी अग्रवाल लिखती हैं, “मौन और मितव्ययिता के धनी जैनेंद्र कुमार स्त्री-मन के चितेरे हैं। दबे पाँव स्त्री के अन्तस् में गहरी पैठ बनाते हुए वे न केवल उसकी दमित आकांक्षाओं और क्षत-विक्षत सपनों को सतह पर लाते हैं, बल्कि बेहद अनायास भाव से स्त्री को स्त्री बनानेवाली पितृसत्तात्मक व्यवस्था के हृदयहीन चरित्र को भी प्रकाश में ले आते हैं।”(6) स्त्री-मन की बेचैनियों को समझने में जैनेंद्र कुमार को सिद्धहस्त माना जाता है। उन्होंने अपनी अनेक रचनाओं में स्त्री के अंतःकरण को परत-दर-परत उघारने का कार्य किया है। उनको पढ़ते हुए ऐसा लगता है कि यह द्वंद्व स्त्री के मन में न चलकर स्वयं जैनेंद्र कुमार के मन में चल रहा है, जिसे वे इतनी बारीकी से महसूस कर लेते हैं। सुनीता और 'त्यागपत्र' जैसे उनके उपन्यासों के साथ 'पत्नी' और 'जाह्नवी' जैसी कहानियाँ भी हिंदी साहित्य में अपना अपूर्व स्थान रखती हैं. जिनमें स्त्री-मन की व्यथाओं, द्वंद्वों को जिस बारीकी से रेखांकित किया गया है वह पाठकों को सम्मोहित कर लेता है।
इस कहानी में सुनंदा को सामने रखकर जैनेन्द्र कुमार ने स्त्री के मन में घटित होने वाले द्वंद्व को उजागर किया है। इस द्वंद्व से मध्यवर्गीय समाज की स्त्रियों की मनोदशा को महसूस किया जा सकता है। खासतौर पर जब पति-पत्नी दो ही लोग साथ रह रहे हों, उसमें भी पत्नी के हिस्से में पति का समय कम ही आता हो, तब वह अपने अकेलेपन में जिस द्वंद्व को सहती है वह अत्यंत पीड़ादायक है। पारिवारिक परंपरा और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की जो लड़ाई सुनंदा के मन में चल रही है, उससे स्त्री -मनोभाव को भली प्रकार महसूस किया जा सकता है।
संदर्भ सूची :
1. कुमार, जैनेन्द्र - प्रतिनिधि कहानियां, संपादक - प्रसाद, शिवनंदन, पूर्वोदय प्रकाशन, दिल्ली, प्रथम संस्करण : 1969, पृष्ठ - 211
2. अग्रवाल, रोहिणी - 'राष्ट्र और स्त्री मुक्ति के दो विरोधाभास (पत्नी - जैनेन्द्र कुमार)', हिन्दी कहानी वाया आलोचना, संपादक - करें, नीरज, लोक भारती प्रकाशन, पहला संस्करण : 2022, पृष्ठ - 142
3. कुमार, जैनेन्द्र - प्रतिनिधि कहानियां, संपादक - प्रसाद, शिवनंदन, पूर्वोदय प्रकाशन, दिल्ली, प्रथम संस्करण : 1969, पृष्ठ - 214
4. वही, पृष्ठ - 212
5. अग्रवाल, रोहिणी - 'राष्ट्र और स्त्री मुक्ति के दो विरोधाभास (पत्नी - जैनेन्द्र कुमार)', हिन्दी कहानी वाया आलोचना, संपादक - करें, नीरज, लोक भारती प्रकाशन, पहला संस्करण : 2022, पृष्ठ - 145
6. वही, पृष्ठ - 142
सीमा कुमारी
सहायक प्राध्यापक
आर.एस.एस. महिला महाविद्यालय, डुमरा, सीतामढ़ी (बिहार)
संपर्क - sss2seema@gmail.com




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें