जुतों के दौर में पांव की समीक्षा

 अगर सूरज की लाली में मिल जाएगी कविता की आग तो ?

- गंगाधर झा 


डॉ अमित कुमार मिश्रा जी को मैं पिछले एक दशक से ज्यादा समय से जान रहा हूँ। हम लोगों की मित्रता उस समय हुई जब वे स्नातक के छात्र हुआ करते थे। इससे पहले मेरे जानते वे कवि भी नहीं थे। उनका कवि रूप भी स्नातक के दौरान ही उभर कर सामने आया। वैसे बातचीत से मेरी जानकारी है कि पूर्व से ही वे कथा, कहानी, उपन्यास आदि में गहरी रुचि रखते थे लेकिन यह रूचि उनका सृजन की ओर न होकर पठन की ओर था। संभवतः साहित्य के सघन अध्ययन ने ही उनके भीतर के सृजनकर्ता को जागृत किया। जहाँ तक मैं जान रहा हूँ उनकी सबसे पहले प्रकाशित कविता 'मशीनी मानव' है जो पटना से गुरुवर कलानाथ मिश्र के संपादन में प्रकाशित होने वाली प्रतिष्ठित पत्रिका 'साहित्य यात्रा' में 2014-15 में छपी थी। यहीं से इनका कवि रूप उभर कर सामने आता है। वैसे अमित जी ने कविता के साथ ग़ज़ल और छोटी कहानियाँ भी लिखी हैं मगर कविता को मैं उनकी मुख्य विधा मानता हूँ क्योंकि सबसे अधिक जमकर उन्होंने कविताएँ ही लिखी हैं। मैं भी साहित्य में कोई बहुत अधिक रुचि रखने वाला व्यक्ति नहीं हूँ, दादा जी के प्रभाव से हिंदी और संस्कृत में रुचि रही अवश्य लेकिन अपने जीवन की आवश्यकताओं के पीछे दौड़ते-भागते साहित्य के लिए बहुत समय निकाल पाना मेरे लिए कठिन रहा। खैर, जब हम लोगों का समय मित्रवत रूप में गुजरने लगा तब निरंतर साहित्य पर बातचीत होती रही। अमित जी की प्रेरणा से मैंने कई पुस्तकें पढ़ीं। कविता और ग़ज़ल में मेरी रुचि तो थी ही रस पिपासा और अधिक जागृत हुई। मैं यह भी कहूँ तो गलत नहीं होगा की बहुत समय ऐसा गुजर जब अमित जी ने सिर्फ हमारे जैसे मित्रों को ध्यान में रखकर लिखा। होता यह था कि अक्सर शाम को हम लोग अपने-अपने दिनचर्या से निवृत होकर एकत्र होते तो चाय की चुस्की लेते हुए हमलोग उनसे कुछ नया सुनाने का आग्रह करते और इस आग्रह का मान रखने के लिए वे निरंतर हमारी रुचि के अनुकूल कुछ लिखते रहें। वे निरंतर कहते थे कि मैं ग़ज़ल के व्याकरण का पालन नहीं करता हूँ और हम लोगों का एक ही आग्रह था कि हमें ग़ज़ल का व्याकरण नहीं पढ़ना है, ग़ज़ल में जो रस प्रवाहित होता है उसका आनंद लेना है और हमें पूर्ण आनंद मिल जाया करता है। तो इस तरह वे लिखते रहें और हम सब उसका रसपान करते रहें। खैर, इन व्यक्तिगत बातों से विषयांतर हो जाएगा अभी चर्चा का केंद्र डॉ. अमित कुमार मिश्रा जी का सद्य: प्रकाशित कविता संग्रह 'जूतों के दौर में पाँव' है। इस कविता संग्रह में उनकी बासठ कविताएँ संकलित हैं, जो तनीषा प्रकाशन से छपकर इसी वर्ष आया है। इस संकलन में जो कविताएँ शामिल हैं उनमें से कुछेक को छोड़कर अधिकांश कविताएँ मैंने उनसे सुन रखी है या पढ़ रखी है। उनको सुनते-पढ़ते मैं इस निष्कर्ष पर निकला हूँ कि उनकी रचनाशीलता के केंद्र में निरंतर दो भाव सक्रिय रहे हैं। एक में वे प्रेम से सराबोर कविताओं का सृजन करते रहे हैं, जिसका की मांग हम उनसे निरंतर करते रहें। दूसरी ओर वे समय सापेक्ष कविताएँ लिखते रहें जहाँ आज के दौर की सच्चाई को मुखर अभिव्यक्ति मिलती है। 

इस संकलन को अमित जी ने जो नाम दिया है उसकी सार्थकता को कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता है। निश्चित रूप से यह जूते का दौर है। इस दौर में पाँव की प्रासंगिकता कम हो गई है और जूते का बोलबाला है। इस शीर्षक से एक कविता भी इस संकलन में प्रकाशित है जो प्रतीकात्मक रूप से आज के समय की सच्चाई को उजागर करती है। कहीं उन्हीं की एक कविता का एक अंश मैंने यह भी देखा था जहाँ वे प्रतीकात्मक रूप से व्यंग्यात्मक लहजे में यह उद्घोषित करते हैं कि, 

"आज के समय में 

यदि, जूते या पाँव में से 

किसी एक के ही 

बच निकलने की गुंजाइश हो 

तो जूते को बचा लेना 

ज्यादा मुनासिब है।"

समाज की विकृत अवस्थाओं पर अमित जी कठोर होकर लिखते रहे हैं, चाहे वह सामाजिक विद्रूपता हो या राजनीतिक रस्साकसी, उस पर लिखने में अमित जी ने कभी कोई झिझक महसूस नहीं की। यह भी मैंने देखा कि 'समाज और समाजवाद' जैसी सशक्त कविता भी (जो प्रसंगवश इस संकलन में भी प्रकाशित है) अमित जी ने आज से चार-पांच वर्ष पूर्व ही लिख दी जिस कविता पर किसी गोष्ठी में (जिसमें मैं भी जुड़ा था) वरिष्ठ कवि अष्टभुजा शुक्ल ने कहा था कि 'इस कविता को मैं एक प्रौढ़ और परिपक्व कविता कहता हूँ जो कवि को अपने अनुभव के 20 वर्ष और आगे जाकर लिखना चाहिए था, उसे कवि ने आज लिख दिया है।'

इस संकलन की 'मेरी बदनसीबी', 'तुम्हारा अवलंब', 'स्नेह पौध', 'दो आँखें', 'प्यार का मतलब', 'संपूर्णता की तलाश', 'दो वर्ष चार महीने सत्रह दिन', 'उत्सर्ग' जैसी कविताएँ प्रेम को केंद्र में रहकर लिखी गई हैं। लेकिन इन कविताओं को पढ़कर कोई व्यक्ति सहजता से यह जान लेता है कि अमित जी की कविताओं में प्रेम का मतलब प्रेम की उच्छृंखलता नहीं है बल्कि प्रेम की गंभीरता है। यहाँ जिस प्रेम का वर्णन किया गया है वह किसी नदी के सतह पर बहता हुआ चंचल प्रेम नहीं है बल्कि उसके तल में बैठा हुआ गंभीर प्रेम है। एक-एक कविता में गंभीर प्रेम की अभिव्यक्ति सहज ही देखी जा सकती है। क्या ही खूबसूरत बिम्ब उभर कर सामने आता है जब एक मजदूर ट्रेन में बैठकर परदेश (दूसरे शहर) कमाने जाते हुए कवि से कहता है, 

"शादी के बाद आठवें दिन चला गया था 

इस बार ठीक से देख सका 'उसे' 

खूब बात की रात-रात भर ।

माय बनने के बाद 

खूब गोरा गई है रूपीया, 

पीठ-बांह सब चिकना गया है 

बहुते अच्छी लगती है..." ('प्यार का मतलब'- जूतों के दौर में पाँव, पृष्ठ -60)

निश्चित रूप से प्रेम के भाव को इस गहराई तक जाकर महसूस करना और उसे अभिव्यक्त करना पहले के कवियों के लिए शायद सहज रहा हो लेकिन आज का कवि इतनी गहराई में उतरकर भाव को महसूस करने और उसे अभिव्यक्त करने की जहमत नहीं उठाता है। मिश्रा जी के मन में प्रेम के प्रति इतनी निष्ठा है, प्रेम को वे इतना विशाल मानते हैं जिसकी जड़ें कभी सूखती नहीं है। 

प्रेमिका का पता नहीं होने के बावजूद प्रेम में विक्षिप्त हुआ प्रेमी निरंतर उसे पत्र लिखता है। अपने प्रेम को अभिव्यक्त करने की कोशिश करता है और कहता है, 

'तुम्हें चिट्ठी लिखकर मन शांत होता तो है 

लेकिन अब चिट्ठी लिखना भी अच्छा नहीं लगता

वह डाकिया भी मुझे पागल समझने लगा है

कहता है, 'तुम पागल हो 

बिना पते की चिट्ठी लेकर 

क्यों आ जाते हो बार-बार।' ('दो वर्ष चार महीने सत्रह दिन'- जूतों के दौर में पाँव, पृष्ठ -78)

अमित मिश्रा जी की एक बड़ी विशेषता या उपलब्धि मैं यह मानता हूँ कि वे जीवन-जगत से निरंतर अपने अनुभव-क्षेत्र का विस्तार करते रहते हैं। वे जैसा देखते हैं, महसूस करते हैं, वैसा लिखते हैं। उनकी कविता में बनावटीपन नहीं है। समाज का देखा-सुना चित्र है। 

हम किसी शहर में या किसी क्षेत्र में रह रहे हों निरंतर देखते हैं कि अपनी ही सरकार, अपने ही शासनतंत्र के द्वारा नागरिकों को किस तरह बर्बरता पूर्वक खरेदा जाता है। कैसे आमलोगों की आवाज को दबा दिया जाता है। 'लकड़बग्घा' कविता में मिश्रा जी लिखते हैं, 

"वह पीटने चला आता है हमें 

सड़क पर, चौराहे पर, मैदान में, 

शहर में, गांव में, यूनिवर्सिटी में, 

हर जगह" ('लकड़बग्घा'- जूतों के दौर में पाँव, पृष्ठ -58)

जनता की आवाज को निरंतर आलोच्य संग्रह की कविताओं में देखी जा सकती है। कम से कम बीस प्रतिशत कविताएँ संकलन में ऐसी हैं जो शासनतंत्र के द्वारा जनता पर किए जाने वाले अत्याचारों को उजागर करती हैं। एक रचनाकार यदि अपनी कलम को स्वतंत्र रख कर लिख रहा हो तो निश्चित तौर पर वह जनता की आवाज मुखरित करता है। लोगों के ऊपर होने वाले अत्याचार को उजागर करता है। वह शासनतंत्र से बिना डरे या बिना प्रभावित हुए समय की सच्चाई को रेखांकित करता चलता है। 'शासन और भूख' इस संकलन की एक महत्वपूर्ण कविता है जिसमें कवि ने आम जनता के ऊपर प्रशासन के द्वारा किए जाने वाले अत्याचार को उजागर किया है। कविता अपने कलेवर में छोटी है लेकिन प्रतीकात्मक होने के कारण एक बड़े भाव को उद्घाटित करती है, 

"उसने बंदूक निकाली,

साठ रूपये की गोली दाग दी 

मैंने दो रूपये की रोटी 

आकाश में उछाल दी ।" ('शासन और भूख'- जूतों के दौर में पाँव, पृष्ठ -60)

कृषक और मजदूर वर्ग अपने श्रम और पसीने से देश और समाज को संचित करता है लेकिन वही सबसे पिछले पायदान पर धकेल दिया जाता है। इस स्थिति में इसकी सुधि लेना साहित्यकारों का ही कर्तव्य रह जाता है। इस संकलन की कविताओं में कृषक और मजदूर वर्ग के संघर्षों को भी दिखलाया गया है, उसके अस्तित्व-बोध का परिचय भी दिया गया है और इस सबसे बढ़कर मैं यह मानता हूँ कि कई कविताओं में उनके प्रेम और कोमल भावों को भी दिखलाया गया है। एक ओर तो 'गुनगुनी धूप', 'मृत्यु और नींद', 'लकड़बग्घा', 'शासन और भूख', 'प्यार का मतलब', 'बचपन जवानी बुढ़ापा', 'किसान' जैसी कविताएँ हैं, जिसमें कृषक कार्य करने वाले और मजदूरी करने वाले लोगों की जीवन-दशा, प्रेम, राग-रंग आदि को खूबसूरती के साथ चित्रित किया गया है तो वहीं दूसरी ओर 'मैयत का न्योता', 'जिंदगी को उधार', 'बेखबर', 'अधिकारी', 'सड़ांध', 'प्रेम ही जीवन है', 'संपूर्णता की तलाश', 'दिनचर्या', 'अचंभा' जैसी कविताएँ भी इस संकलन में शामिल हैं, जिनमें शहरी या कस्बाई इलाकों में रहकर नौकरी करने वाले मध्यवर्गीय लोगों के जीवन के तनाव को बड़े विश्वसनीय ढंग से उभारा गया है। बड़ी बात यह है कि इन कविताओं में ग्रामीण परिवेश में जीने वाले लोगों का संघर्ष भी उपस्थित है तो शहरी और कस्बाई इलाकों में रहने वाले लोगों की जीवन दशा भी वर्णित है। मेरी समझ में इसका कारण यह है कि कवि ने स्वयं को गांव और शहर के बीच अपने आप को संतुलित कर रखा है।

पूरी दुनिया में लूट-खसोट, छीना-झपटी का व्यापार दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। धन की लोलुपता इस कदर बढ़ रही है कि दिन प्रतिदिन भ्रष्टाचार का ग्राफ अपना फन उठाता जा रहा है। ऐसे में कवि का यह लिखना बड़ा ही प्रासंगिक लगता है, 

"मैं चाहता हूँ 

बस इतना दे दो मुझे 

बाकी की दुनिया तुम रख लो 

मैं निःस्वार्थ खिलखिलाते 

बच्चों की हंसी को 

अपनी जमा पूंजी की तरह 

संजोए रखना चाहता हूँ 

मेरे जीवन के लिए।" ('थोड़ी सी आग'- जूतों के दौर में पाँव, पृष्ठ -70)

'जूतों के दौर में पाँव' कविता संग्रह में जीवन के विविध रंगों की कविताएँ समाहित हैं, जिनका वर्णन बड़े विस्तार का विषय है। इस समीक्षा में मैंने दो-चार पहलुओं पर बात की जो इस संकलन को पढ़ते हुए मेरे मन में जागृत हुएं। कवि ने अपने लिखने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए स्वयं ही 'कवि' शीर्षक कविता में लिख दिया है,

"मानवों का विशेष आविष्कार है भाषा 

उसी को अपना औजार बना 

इंसानियत के अंतर्तम को झकझोरता 

हृदय के जज्बातों को जगा 

इंसान को, इंसान बनाए रखने की चाह में 

नित्य नवीन कविता गढ़ता है कवि।" ('कवि'- जूतों के दौर में पाँव, पृष्ठ -87)

इस संकलन की एक-एक कविता पर बहुत कुछ कहा-लिखा जा सकता है लेकिन किसी परिचयात्मक टिप्पणी की अपनी एक सीमा होती है जिसका अतिक्रमण किसी सूरत में उचित नहीं होता। कविताओं के महत्व को कविता के पाठक स्वयं ही जान लेते हैं। वे स्वयं ही अपनी कसौटी पर कविताओं को परख लेते हैं। इसलिए मैं ज्यादा कुछ विस्तारित नहीं करते हुए इस पुस्तक की भूमिका में लिखे हुए डॉक्टर अमर कांत कुमर के इस मंतव्य के साथ पूरी सहमति जताते हुए अपनी बात समाप्त करता हूँ,

" ..... जिनकी कविताओं में प्रेम की ताजगी है, समय का ताप है, गहरी पीड़ा की अनुभूति है, जलते प्रश्न हैं और निरन्तर भूख तथा अत्याचार से लड़ने की ताकत है और जीने की जिजीविषावाले व्यक्तियों के या यों कहें आम जन के प्रति समर्थन है, समर्थन ही नहीं शोषण और शोषक के प्रति आक्रोश भी है। इसीलिए अमित कुमार मिश्र की कविताएँ शोषित के पक्ष में और शोषक के विरुद्ध तनकर खड़ी है।" ('भूमिका'- जूतों के दौर में पाँव, पृष्ठ -06)


गंगाधर झा 'राजकुमार जी' 

ज्ञानदीप पुस्तक भंडार 

B.P.S.C. गेट के सामने 

बेली रोड, पटना 

संपर्क - 9608995813

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बेचारा पुरूष (व्यंग्य)

तरकीबें (व्यंग्य)

स्त्री अस्मिता और हिन्दी महाकाव्य (आलेख)