प्रेम और पीड़ा के मध्य प्रवाहित काव्य-सरिता

 प्रेम और पीड़ा के मध्य प्रवाहित काव्य-सरिता


विगत् कई वर्षों से डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह ने हिंदी साहित्य और विशेषकर समकालीन हिंदी कविता एवं समीक्षा के क्षेत्र में अपना एक अत्यंत विशिष्ट, गरिमामय और अमिट स्थान कायम रखा है। वे किसी एक बंधी-बंधाई परिपाटी या घिसे-पिटे मुहावरे के कवि नहीं हैं, बल्कि वे निरंतर अपने नवीन भावबोध, मौलिक दृष्टि और समय के बदलते यथार्थ के साथ अपनी जीवंत उपस्थिति दर्ज कराते रहते हैं। उनकी कविताएँ केवल शब्दों का शिल्प मात्र नहीं हैं, बल्कि वे आधुनिक मनुष्य के अंतर्मन का एक प्रामाणिक दस्तावेज़ हैं। उनकी कविताओं को यदि हम सम्यग्र रूप से, समग्रता और गहराई के साथ देखें, तो वहाँ मानव-जीवन के समस्त राग-विराग, उल्लास-विषाद, आशा-निराशा और अस्तित्वगत संघर्ष के विविध रूप चित्रित मिलेंगे।

परंतु, एक प्रबुद्ध पाठक और समीक्षक के रूप में यह कहने में मुझे कोई संकोच नहीं है कि मात्रा, गुणात्मकता और भावात्मक गहराई की दृष्टि से प्रेम और पीड़ा के सूक्ष्म चित्रण में उन्हें जो अतिशय सफलता प्राप्त हुई है, वह समकालीन कविता में विरल है। उनकी कविता इन दो ध्रुवों—प्रेम और पीड़ा—के बीच एक अनवरत बहने वाली पावन काव्य-सरिता है, जिसमें अवगाहन करके पाठक एक अलौकिक शांति और आत्मीयता का अनुभव करता है।

रत्नेश्वर सिंह जी की कविताएं अपने सामाजिक सरोकार को लेकर विशेष बात रुप से आकर्षित करती हैं। समाज और सामाजिक समस्याओं को उन्होंने अपनी कविताओं में व्यापक रूप से पराश्रय दिया है। जीवन के हर भाव को अपने में समेटे उनकी कविता में प्रेम सर्वत्र विद्यमान है। वे प्रेम को कल्पना लोक के सहारे जीवन देने के बजाय धरती से स्पर्श कराकर उसकी जड़ों को मजबूत बनाने में विश्वास रखते हैं। रत्नेश्वर सिंह जी का प्रेम त्रिलोचन के प्रेम के समान है जो खेतों, खलिहानों में काम करते हुए पलता है न कि बाग-बगीचों और कल्पना लोक के विहार में। मनोविज्ञान के प्रोफेसर होने के नाते उन्होंने मनोभावों का सार्थक विश्लेषण करना भली प्रकार सीख रखा है। स्त्री मन को उन्होंने अनेक कविताओं में जिस बारीकी से चित्रित किया है वह विशेषतः प्रशंसनीय है।

डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह की कविताओं में प्रेम की कोई एक बंधी-बंधाई परिभाषा नहीं है; वहाँ प्रेम के कई आयाम, कई परतें और कई अनछुए क्षितिज उद्घाटित होते हैं। यह प्रेम केवल एक रुमानी तड़प या किशोरावस्था का आकर्षण नहीं है, बल्कि यह प्रेम व्यक्तिगत भी है और सामाजिक तथा वैश्विक भी।

एक ओर उनकी कविताओं में उनके व्यक्तिगत प्रेम की असीम कोमलता को पंख लगाकर कल्पना के असीम आकाश में उड़ते देखा जा सकता है। अब मेरे इस कथन पर कुछ लोग या परंपरावादी समीक्षक यह अनुचित सवाल उठा सकते हैं कि जीवन के जिस पड़ाव और अवस्था में डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह हैं, उसमें व्यक्तिगत प्रेम का कौन सा रूप पल्लवित या प्रासंगिक हो सकता है? ऐसे संशयवादियों के लिए मैं यहाँ पूरी दृढ़ता के साथ स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि मैंने डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह की कई अनमोल कविताओं को बहुत करीब से देखा और पढ़ा है। वे अपनी स्मृतियों के गलियारे में वर्तमान जीवन से तीस-चालीस वर्ष पीछे भी जाकर अपने उन युवा दिनों के प्रेम की ताजगी, उस पहली छुअन और उस अनकही बेचैनी को आज भी वैसे ही सहज रूप में महसूस कर लेते हैं, जैसे वह कल ही की बात हो। प्रेम के शुरुआती दिनों की वह अनूठी ताजगी, वह पवित्र उच्छवास आज भी वैसे ही सुगंधित रूप में उनकी सांसों में भर जाने में पूरी तरह सक्षम है, जो उनकी रचनाओं को शाश्वत बनाता है। इसका एक अनुपम उदाहरण उनकी इन पंक्तियों में देखा जा सकता है:

"मेरी सूनी आंखों में /

जीवन में /

भरने लगता है रंग/

प्रेम का /

तुम मानो ना मानो /

तुम्हारे बिना जिंदगी से कोई मायने नहीं रहे।"

कवि रत्नेश्वर जी का प्रेम केवल 'स्व' तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह 'पर' को समेटते हुए समष्टि का रूप ले लेता है। यह प्रेम का वह उच्चतम और उदात्त रूप है जहाँ वे समस्त सृष्टि, प्राणिमात्र और प्रकृति के लिए ईर्ष्या, द्वेष, संकीर्णता और घृणा के स्थान पर प्रेम, करुणा और सौहार्द के महत्व को स्थापित करने के लिए निरंतर सजग और व्याकुल दिखाई देते हैं। उनका मानना है कि प्रेम ही इस संसार को टूटने और बिखरने से बचा सकता है।

रत्नेश्वर सिंह के काव्य-संसार में प्रेम एकांगी नहीं है। उनके इस प्रेम में मिलन की मादक ताजगी भी है और विछोह की वह जानलेवा कसक भी, जो आत्मा को भीतर तक मथ देती है। भारतीय काव्यशास्त्र में श्रृंगार के जो दो रूप बताए गए हैं—संयोग और वियोग—उन दोनों ही रूपों ने डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह को उत्कृष्ट कविताएँ लिखने के लिए समान रूप से प्रेरित किया है।

उनकी कलात्मक परिपक्वता का प्रमाण यह है कि कहीं-कहीं तो वे एक ही कविता की एक ही पंक्ति में, एक ही भाव-क्षण में संयोग और वियोग दोनों का ऐसा अद्भुत, विस्मयकारी और जीवंत तालमेल बैठा देने की कारीगरी दिखला जाते हैं कि पाठक दाँतों तले उँगली दबा लेता है। वे जानते हैं कि संसार का शाश्वत सत्य यही है कि चाहने वालों से चाहत तो मिलती है, संसार में आत्मीयता के दावे तो बहुत होते हैं, लेकिन जिस रूप में, जिस पवित्रता और निश्छलता के साथ कवि प्रेम को प्राप्त करना चाहता है, उस रूप में वह उसे सदैव प्राप्त नहीं हो पाता। एक कलाकार की यही छटपटाहट इन पंक्तियों में रूपायित हुई है:

"मुझे अक्सर /

नहीं बुलाया जाता /

बुलाने वालों की तरह,/

चाहने वाले लोग भी नहीं चाहते/

मुझे चाहने वालों की तरह।"

प्रसंगवश मैंने ऊपर कहा कि डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह की कविता में प्रेम के साथ-साथ पीड़ा सर्वत्र व्याप्त है, और यह कोई अतिशयोक्ति नहीं है। सही मायने में देखा जाए तो व्यक्ति का संवेदनशील मन जब जीवन के घात-प्रतिघातों से, अपनों के बिछोह से और संसार की निष्ठुरता से पीड़ित होता है, तभी वह कविता में खुद को पूरी तरह से ढाल पाता है। बिना तपे कोई भी रचना कुंदन नहीं बनती।

डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह की अधिकांश कविताओं की सूक्ष्म पड़ताल और आलोचनात्मक मूल्यांकन करते हुए मैंने हर बार एक गहरी कसक, एक अनकही हूक महसूस की है। मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ यह देख सका हूँ कि उनके संपूर्ण कविता लेखन के केंद्र में, उनकी रचनात्मक ऊर्जा के मूल में उनके मन की व्यथा, उनके हृदय की पीर को ही रखा जा सकता है। यह पीड़ा कोई कमजोर करने वाली निराशा नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी साधना है जो उनके काव्य को दार्शनिक ऊँचाई देती है। जब दर्द स्थायी हो जाता है, तो वह कविता का रूप ले लेता है:

"आज जब दर्द से बन गया है /

कभी ना खत्म होने वाला रिश्ता/

फिर मेरी यादों के दायरे से/

क्यों नहीं चली जाती /

दूर, बहुत दूर।"

डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह के साथ व्यक्तिगत और साहित्यिक निकटता रखने वाले लोग भली-भांति जानते हैं कि उनके सौम्य और शांत व्यक्तित्व के भीतर, उनके हृदय में कितनी गहरी पीड़ा मौजूद है। वे इस सत्य को पहचानते भी हैं और सहर्ष स्वीकार भी करते हैं कि उनकी कविताओं में इतने गहरे भावबोध, इतनी प्रामाणिक अनुभूति और ऐसा मर्मस्पर्शी प्रभाव उभरने का वास्तविक कार्य उनके हृदय की वही चिरंतन पीड़ा ही करती है। कवि अपनी इस नियति और इस विरह के लिए किसी और को नहीं, बल्कि उसी परम सत्ता या उस प्रिय पात्र को उत्तरदायी ठहराता है जो दूर रहकर भी उसके जीवन को संचालित कर रहा है:

"सबके लिए मैं/

आज भी तुम्हें ही जिम्मेवार ठहराऊंगा /

क्यों खुले आसमान में /

जाकर बैठ गई हो/

ध्रुव तारा की तरह।"

उनकी कविताएं सहज ही अपनी ओर खींच लेने की क्षमता रखती हैं। उनका लेखन और कविता की प्रस्तुति तथा गीत के गायन सभी में उनकी मौलिकता छलकती है। वे किसी पथ का अनुसरण करने की जगह एक नए पथ के निर्माण में अधिक विश्वास रखते हैं। जीवन के हर भाव को अपने में समेटे उनकी कविता में प्रेम सर्वत्र विद्यमान है। वे प्रेम को कल्पना लोक के सहारे जीवन देने के बजाय धरती से स्पर्श कराकर उसकी जड़ों को मजबूत बनाने में विश्वास रखते हैं।

मैंने डॉक्टर साहब की कई कालजयी किताबों में समय-समय पर अभिमत के रूप में, भूमिका के रूप में कुछ-न-कुछ सारगर्भित लिखा है। इसके अतिरिक्त कई स्वतंत्र आलोचनात्मक लेख भी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर लिखे हैं और उनकी विभिन्न कालखंडों में आई रचनाओं की विस्तृत समीक्षाएँ भी की हैं। लेकिन हिंदी साहित्य का एक निष्ठावान अध्येता होने के नाते मैं यह स्वीकार करता हूँ कि हर बार उनके काव्य पर लिखने के बाद हृदय में यही अधूरापन महसूस होता है कि अभी तो बहुत कुछ लिखना बाकी रह गया है, अभी तो उनकी चेतना के कई कोनों को छूना शेष है।

वास्तव में, किसी पुस्तक में 'अभिमत' या संक्षिप्त टिप्पणी के रूप में लिखी गई बात की अपनी एक निश्चित सीमा, एक दायरा और संकोच होता है, जिसमें कवि के विराट कैनवास के साथ पूरा न्याय नहीं किया जा सकता। अतः, मैं आने वाले समय में विशेष रूप से उनकी पुस्तक की एक सविस्तार, मुकम्मल और सैद्धांतिक समीक्षा लिखने की चेष्टा करूँगा, ताकि उनके काव्य-वैशिष्ट्य को अकादमिक जगत में और अधिक व्यापकता से स्थापित किया जा सके।

वर्तमान में, डॉक्टर रत्नेश्वर सिंह जी की इस सद्यःप्रकाशित और बहुप्रतीक्षित कृति 'कल्पना के पंख' पुस्तक के लिए मैं अंतस की गहराइयों से अपनी अनंत आत्मीय शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ। मुझे पूरा विश्वास है कि यह कृति हिंदी काव्य-जगत में एक नया मील का पत्थर साबित होगी और पाठकों के दिलों को गहराई से छुएगी।

 


डॉ अमित कुमार मिश्रा 

सहायक प्राध्यापक, हिन्दी विभाग 

एच. एस. कॉलेज, उदाकिशुनगंज, मधेपुरा 



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बेचारा पुरूष (व्यंग्य)

तरकीबें (व्यंग्य)

स्त्री अस्मिता और हिन्दी महाकाव्य (आलेख)