स्त्री जीवन की त्रासद कथा है 'त्यागपत्र'
जैनेंद्र कुमार हिंदी कथा साहित्य में एक बड़ा नाम है। जैनेंद्र कुमार प्रेमचंद के समानांतर एक नई धारा को प्रवाहित करते हैं, जहाँ मनोविश्लेषण को आधार बनाकर कथा कहने की परंपरा का स्रोत फूटता है। वैसे तो जैनेंद्र कुमार की कई कहानियां और उपन्यास लोकप्रिय हुए हैं लेकिन सबसे ज्यादा ख्याति उन्हें उनकी कहानी 'जाह्नवी' और उपन्यास 'त्यागपत्र' से मिली। 'त्यागपत्र' उपन्यास में जैनेंद्र कुमार ने मृणाल के जीवन कथा से भारतीय समाज में स्त्रियों की जीवन-दशा को रेखांकित किया है। स्त्री किस प्रकार परिवार और समाज की मर्यादा का निर्वहन करते हुए घुटघुट कर जीती है, और कहीं वह स्त्री मृणाल की तरह स्त्री मर्यादा का पालन करने के साथ-साथ स्वाभिमान पर भी अडिग रहने वाली निकली तब उसका जीवन और भी त्रासद हो जाता है। इस उपन्यास में मृणाल के द्वारा स्त्री जीवन की त्रासदी को दिखलाया गया है।
मृणाल 'त्यागपत्र' उपन्यास की केंद्रीय पात्र है। पूरे उपन्यास का कथानक उसी के इर्द-गिर्द घूमता है बल्कि कहें तो, पूरे उपन्यास में मृणाल के जीवन की त्रासदी व्यक्त है। इस उपन्यास में जैनेंद्र कुमार ने घटना और चरित्र के विकास को उतना महत्व नहीं दिया है जितना कि मृणाल की आंतरिक गुत्थियों को सुलझाने में। जैनेंद्र कुमार मनोविश्लेषणवादी कथाकार हैं, उनका पूरा ध्यान पात्र के अंतर्द्वंद्व को सुलझाने में लगा रहता है। इस उपन्यास में मृणाल की तरुणाई से लेकर दुखदाई मरण तक की कथा समाहित है। इतने व्यापक घटनाक्रम के बावजूद उपन्यास लघु कलेवर में सिमटा हुआ है, इसका कारण है कि जैनेंद्र कुमार सांकेतिक या प्रतीकात्मक कथा कहना पसंद करते हैं।
फूलों से नाजुक भावनाओं वाली मृणाल जीवन में जिस गहन वेदना को झेलती है, वह युगों की वेदना के समान है। ऐसा भी नहीं है कि जैनेंद्र कुमार मृणाल की वेदना को कम कर आंकते हैं या उस वेदना की सघनता को पूरी तरह प्रकट नहीं करते हैं। वे मृणाल के अंत:जगत को अधिक टटोलते हैं। वेदना की प्रस्तुतीकरण के स्थान पर पाठकों के भीतर उस वेदना को जगा देने में विश्वास रखते हैं। 'त्यागपत्र' उपन्यास को पढ़ते हुए पाठक मृणाल की वेदना में पूरी तरह डूब जाता है।
उपन्यास के आरंभ में मृणाल एक स्कूली छात्रा के रूप में सामने आती है जो बड़े ही सुकोमल भावों से भरी हुई है। मृणाल के माता-पिता का देहावसान हो चुका है। उसके बड़े भाई और भाभी की देखरेख में उसका लालन-पालन होता है। मृणाल के रूपगत सौंदर्य का वर्णन उपन्यासकार ने बहुत ही संक्षेप में किया है। इतना संक्षिप्त की प्रमोद के शब्दों में, “बुआ का तब का रूप सोचता हूँ, तो दंग रह जाता हूँ। ऐसा रूप कब किसको विधाता देता है।”(1) वस्तु जगत का विस्तृत वर्णन कथाकार जैनेंद्र के स्वभाव में नहीं है। वे सांकेतिक वर्णन में अधिक विश्वास रखते हैं। मृणाल का जुड़ाव सबसे अधिक उसके भतीजे प्रमोद से है। इस समय तक प्रमोद शिशु अवस्था में ही है जो मृणाल की भावनाओं को पूरी तरह समझ तो नहीं पाता है लेकिन मृणाल उससे अपनी भावनाओं को साझा कर हल्का महसूस करती है। वह प्रमोद को अपने एकाकीपन का साथी बना लेती है, जिससे अपने सुख-दुख को साझा कर सके। इसी दौरान मृणाल अपनी सहेली शीला के घर आती-जाती है, जहाँ उसकी घनिष्ठता शीला के भाई से होती है। शीला का भाई और मृणाल एक दूसरे से प्रेम करने लगते हैं। आगे चलकर मृणाल अक्सर स्कूल के बाद शीला के घर जाने लगती है। एक बार
किसी तरह से उनके आपसी प्रेम की सूचना मृणाल की भाभी को लगती है। वह बेंत से मृणाल की पिटाई करती है। बुरी तरह से पीटे जाने के बावजूद मृणाल उस वेदना को बाहर प्रकट किए बिना झेल जाती है। “देखता क्या हूँ कि वहाँ बुआ औंधी हुई पड़ी हैं। उनकी साड़ी इधर-उधर हो गयी और बदन का कपड़ा बेहद मार से झीना हो गया है। जगह-जगह नील उभर आये हैं, कहीं लहू भी झलक आया है। बुआ गुमसुम पड़ी हैं। न रोती हैं, न सुबकती हैं।”(2)
इस घटना के बाद उसका स्कूल जाना भी बंद हो जाता है। जल्द ही उससे काफी अधिक फासले वाले उम्र के एक व्यक्ति से उसकी शादी तय कर दी जाती है। मृणाल किसी तरह का बाहरी विद्रोह किए बिना सब कुछ सहन कर जाती है। यह सब कुछ सहन करना मृणाल के भीतर कुंठित ग्रंथि के रूप में संचित होता जाता है। ये कुंठा ही आगे चलकर मृणाल की पीड़ा भरी जीवन का कारण बनते हैं।
यहाँ एक तथ्य यह भी ध्यान देने योग्य है कि शीला के भाई से मृणाल का प्रेम किस रूप में है ? उसका प्रेम कैसे उजागर होता है, अर्थात उसकी भाभी तक यह बात कैसे पहुँचती है ? इन घटनाओं को लेकर शीला के घर वालों की क्या प्रतिक्रिया है ? इन पहलुओं पर कथाकार कुछ नहीं लिखते हैं । ऐसा लगता है कि जैनेंद्र कुमार का पूरा ध्यान मृणाल की व्यथाओं पर है। उसके बाहर क्या घटित हो रहा है, इससे उनका कोई संबंध ही नहीं है। जैसे उन्हें मछली से कोई सरोकार नहीं रखना हो, केवल मछली की आंख ही उनमें तैर रही हो।
अनिच्छा से हुए विवाह के बावजूद मृणाल समर्पित भाव से पति और परिवार को स्वीकार कर लेती है। जैनेंद्र कुमार पारिवारिक मर्यादाओं को तोड़ने में विश्वास नहीं रखते हैं। वे परिवार और समाज की मर्यादा को कायम रखना चाहते हैं। 'त्यागपत्र' उपन्यास में प्रमोद जब सामाजिक ढांचे को तोड़ने की बात करता है, तब मृणाल कहती है कि यदि समाज ही नहीं होगा तो हम रहेंगे कहां ? “मैं समाज को तोड़ना-फोड़ना नहीं चाहती हूँ। समाज टूटा कि फिर हम किसके भीतर बनेंगे? या कि किसके भीतर बिगड़ेंगे ? इसलिए मैं इतना ही कर सकती हूँ कि समाज से अलग होकर उसकी मंगलाकांक्षा में खुद ही टूटती रहूँ।”(3) जैनेंद्र कुमार के पात्रों के द्वारा समाज और परिवार को बचाए रखने की यह चाहत उनकी अन्य रचनाओं में भी देखने को मिल जाती है। परिवर्तनकामी आलोचकों ने जैनेंद्र कुमार पर यह आरोप खूब लगाए
कि वह परिवारवाद के बने बनाये ढांचे को बरकरार रखना चाहते हैं। उसे तोड़कर व्यक्ति को परिवार से स्वतंत्र नहीं करना चाहते हैं। समाज से बंधे हुए मानव को मुक्ति देने की ओर अग्रसर नहीं होते हैं। जैसा कि उनके साहित्य में लोगों ने चिन्हित किया। मगर यह भी स्मरणीय है कि जैनेंद्र कुमार चाहते हैं कि समाज का बंधन टूटे लेकिन यह पहल साहित्यकार के द्वारा न हो। समाज में बंधे, कूढ़ रहे लोगों के द्वारा हो क्योंकि साहित्यकार के तोड़ने से वह बंधन टूटने से रहा। साहित्यकार का उद्देश्य है, उस बंधन को तोड़कर मुक्ति का भाव लोगों में जगा दे। जैनेंद्र कुमार का भाव 'त्यागपत्र' में प्रमोद के कथन से स्पष्ट होता है, जहाँ वे कहते हैं, “समाज के ऊपर चढ़-बैठकर मैं उसे दबा सकता हूँ, बदल नहीं सकता। उसके फलने-फूलने का तो एक ही उपाय है, वह यह कि मैं अपने को समाज की जड़ों में सींच दूँ।”(4) यहाँ यह भी ध्यान देने लायक है कि परिवार में आस्था होने के बावजूद मृणाल जबरन परिवार पर बोझ नहीं बनना चाहती है। पति की नाराजगी जानकर और घर छोड़ देने की बात सुनकर मृणाल बलपूर्वक अपने अधिकारों की मांग नहीं करती है, अपितु वह पति की इच्छा जान, घर छोड़कर चली जाती है। हंसती-खेलती इस युवती का जीवन त्रासदी का पर्याय बन जाता है। तरह-तरह की पारिवारिक यातना झेलते हुए मृणाल कमजोर, दुर्बल और बीमार हो जाती है। एक प्रसंग देखें, “दर्द बढ़ता ही गया। तीसरा पहर होते-होते छटपटाने की नौबत आ गयी। लेकिन वह अकेली पड़ी रहीं, किसी को पास नहीं बुलाया। मैं कई बार बाबूजी से कहने को उद्यत हुआ, पर बुआ ने ऐसी झिड़की दी कि मेरी हिम्मत न हुई। अब उनको पेट में तकलीफ मालूम होती थी। दर्द रह-रहकर उठाता, जैसे कोई भीतर बैठा दम लेकर आँतें ऐंठ रहा हो। दर्द के मारे उनकी आकृति भयंकर हो उठी थी।”(5) दर्द की इस स्थिति में भी मृणाल किसी को बतलाती नहीं है। यह परिवार से उसके मोह भंग की स्थिति है। जिस परिवार में, प्रतिष्ठा के नाम पर उसके मन को चोट पहुँचाया गया, वहाँ-वह अपने तन की पीड़ा भी अकेले ही झेलना चाहती है। भले ही इस पीड़ा को झेलते हुए उसके प्राण निकल जाएं। वह जिस शिशु को जन्म देती है वह भी माँ की बुरी स्थिति के कारण मृत जन्म लेती है, “कुछ काल बाद पता चला कि उन्होंने एक मृत कन्या को जन्म दिया है। उसे जन्म देने में उनकी भी हालत मृतप्राय हो गई थी।”(6) आगे चलकर मृणाल अपने जीवन में कई ऐसे मोड़ लेती है या विवशतावश उसे ऐसे मोड़ लेने पड़ते हैं जिसे सामाजिक व्यवस्था में पाप कहा गया। असामाजिक कहा गया। एक पर पुरुष के द्वारा किए गए प्रेम की याचना को न चाहते हुए भी मृणाल स्वीकार कर लेती है। उसकी विडंबना यह है कि, वह जिस रिश्ते में खुश थी वह उसके हिस्से में नहीं आया। अनचाहे रिश्तों को स्वीकार करना उसकी विवशता बनी रही। पति का घर छोड़ने के बाद जिस युवक के उन्मादी प्रेम को मृणाल स्वीकार करती है, उसके बारे में वह पहले से जान रही है कि इस व्यक्ति का यह सम्मोहन बहुत अधिक नहीं टिकने वाला है। वह युवक पहले से विवाहित है। अपनी पत्नी और बाल-बच्चों को छोड़कर मृणाल के पास आया है। इस सब के बावजूद मृणाल उस युवक के प्रेम को स्वीकार करती है। यहाँ भी वह खुद के विषय में सोचने की जगह उस युवक के विषय में सोच रही है। क्योंकि मृणाल के द्वारा ठुकराए जाने पर वह युवक अपने उन्मादी मन:स्थिति के कारण आत्मघाती निर्णय ले सकता है।
“ऐसा त्रास मैंने बहुत भोगा है। उसका प्रेम स्वीकार करने की कल्पना भी दुर्विसह्य थी। पर उसका दायित्व क्या मुझ पर न था ! और यह भी ठीक है कि उस समय उसका सर्वस्व मैं ही थी। मैं उसके हाथ से निकलती तो वह अनर्थ ही कर बैठता। अपने को मार लेता, या शक्ति होती तो मुझे मार देता।”(7)
हुआ भी यही, कुछ बरसों के बाद वह व्यक्ति मृणाल से लड़-झगड़ कर, उसे छोड़कर चला जाता है। इस बार मृणाल जिस शिशु को जन्म देती है वह कुछ महीनों तक जीवित रहने के बाद बीमार होकर इलाज के दौरान मर जाती है। और भी तरह-तरह की यातनाओं को सहते हुए मृणाल जीवन के अंतिम पड़ाव में समाज से विमुख होकर एक ऐसी बस्ती में शरण लेती है जो समाज का सबसे पिछड़ा और गंदा इलाका है। उस बस्ती में आपराधिक और नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग रहते हैं। देह व्यापार करने वाली स्त्रियां रहती है। वहाँ लोग एक दूसरे को भद्दी गालियां देते हैं लेकिन कोई गालियों का बुरा नहीं मानता। मृणाल को वहाँ सबसे अच्छा यह लगता है कि यहाँ अपने अतीत को छुपा कर खुद को अच्छा बतलाने की जरूरत नहीं है। एक तरह से कहें तो सामाजिक और पारिवारिक संत्रासों को झेलती हुई मृणाल अप्रत्यक्ष रूप से परिवार और समाज दोनों को ही नकार देती है। यह मृणाल का अचानक से लिया हुआ निर्णय नहीं है, टूटते रहने की एक सतत प्रक्रिया की परिणति है। यह समाज से प्राकृतिक अवस्था की ओर लौटने की निशानी है। प्राकृतिक अवस्था जहाँ मर्यादा-बोध नहीं है। खुद को पवित्र और ऊँचा दिखलाने की होड़ नहीं है। इसी मनोदशा में मृणाल समाज से भाग कर उस गंदी बस्ती में चली जाती है। वहीं मानसिक संताप झेलती हुई रोगग्रस्त मृणाल अपना शेष जीवन व्यतीत करते हुए प्राण त्याग देती है।
मृणाल गहरी वेदना झेलते हुए मृत्यु को प्राप्त होती है। एक ऐसी लड़की जो अपूर्व सौंदर्य और कोमल भावनाओं को लेकर तरुणायी में प्रवेश करती है, वह अपने जीवन में ऐसा त्रासद समय व्यतीत करती है इसके पीछे समाज की मर्यादा सबसे अधिक जिम्मेदार है। यह निश्चित है कि मृणाल का यह जीवन, उसके जीवन की यह परिणति अचानक से उत्पन्न नहीं है। यह पहले से सुनियोजित है। प्रमोद मृणाल के जीवन की इस परिणति को पहले से जानते हुए कहते हैं, “वह सुखपूर्वक नहीं मरीं, पर इतना तो मैं उनकी मौत के दसियों वर्ष पहले से जानता था।”(8) जिस दिशा में मृणाल चलती है, उस पर चलकर यही अंत निश्चित है; इस बात से वह भली प्रकार परिचित है। वह सब कुछ जानते, समझते भी समाज और परिवार को त्याग कर इस ओर बढ़ती है। पति के घर से प्रताड़ित होकर एक बार मायके आने पर जब वह अपने भाई के द्वारा यह उपदेश पाती है कि पति का घर ही उसका धर्म है। उसके कर्म और मोक्ष का स्थल है। तब वह जान लेती है कि मायके के लिए वह बोझ बन चुकी है। वह अपने भाई से कहती है, 'आप यहां से निकाल देंगे तो यहां से भी चली जाऊंगी।' इस बार जब वह मायके से जा रही होती है तो मन ही मन यह निश्चय कर लेती है कि अब जीवन की जो भी गति हो वह मायके लौट कर वापस नहीं आएगी।
मृणाल का चरित्र जैनेंद्र कुमार ने ऐसा गढ़ा है कि वह स्त्री का धर्म भारतीय परिवार में चले आ रहे परंपरागत रूप में ही देखती है। वह कहती है कि दान स्त्री का धर्म है। इसके अलावा उसका कोई धर्म नहीं। मन मांगा जाएगा वह भी स्त्री को समर्पित कर देना है, तन मांगा जाएगा वह भी समर्पित कर देना है। वह पति सेवा को ही अपना धर्म मानती है। पूर्ण रूप से पति और उसके परिवार को समर्पित है। लेकिन उसके भीतर स्त्री का स्वाभिमान भी पूरी तरह जीवित है, वह नहीं चाहती कि खुद को बोझ बनाकर पति के ऊपर डाले रहे। वह स्त्री धर्म का पालन करना चाहती है लेकिन पति के ऊपर बोझ बनकर नहीं। अगर वह अपने मन से स्वीकारे तब, “पति को मैंने नहीं छोड़ा। उन्होंने मुझे छोड़ा है। मैं स्त्री-धर्म ही मानती हूँ। उसका स्वतन्त्र धर्म मैं नहीं मानती हूँ। क्यों पतिव्रता को यह चाहिए कि पति उसे नहीं चाहता, तब भी वह अपना भार उस पर डाले रहे ?”(9) मायके से मृणाल का मोहभंग हो चुका है। पति के घर से वह निकाली जा चुकी है। समाज के प्रतिष्ठित कहे जाने वाले लोगों के बीच उसका जीवन निष्कलंक भाव से व्यतीत होने से रहा। ऐसे में वह समाज के द्वारा बहिष्कृत गंदी बस्ती में जाकर त्रासद जीवन नहीं जीती तो दूसरा विकल्प ही क्या था उसके पास।
'त्यागपत्र' में जैनेंद्र कुमार जिस समाज की कहानी कहते हैं, वहाँ स्त्री को स्वतंत्रता प्राप्त नहीं है। प्रेम करने की स्वतंत्रता तो कदापि नहीं। मृणाल को उसके भाई से बहुत प्रेम मिलता है। वह बहुत प्रेम से उसे पालते हैं। भाभी अनुशासित रखना चाहती है लेकिन अपने बच्चों की तरह ही उसे पालती है। फिर ऐसा क्या गुनाह मृणाल ने कर दिया कि उसकी कोमल भावनाओं को कुचलते हुए जबरन उसकी शादी अधेड़ उम्र के व्यक्ति से कर दी गई। यहीं से उसके जीवन में दुखों का प्रवेश हो जाता है। परिवार और समाज क्यों नहीं उसके प्रेम को स्वीकार लेता और उसे सुखी जीवन जीने का अधिकार देता है ? यह एक बड़े प्रश्न के रूप में सामने आता है। अपने पसंद का प्रेम करने की स्वतंत्रता नहीं होने के कारण ही फूलों में पलने वाली कोमल मृणाल का पूरा जीवन कांटों में घिसटते हुए बीतता है। जिस पीड़ा को मृणाल सहती है, वह स्त्री जीवन की त्रासदी का दस्तावेज है।
संदर्भ सूची :
1. कुमार, जैनेन्द्र - 'त्यागपत्र', भारतीय ज्ञानपीठ, नयी दिल्ली, चौथा संस्करण : 2011, पृष्ठ - 08
2. वही, पृष्ठ - 14
3. वही, पृष्ठ - 64
4. वही, पृष्ठ - 41
5. वही, पृष्ठ - 32
6. वही, पृष्ठ - 43
7. वही, पृष्ठ - 59
8. वही, पृष्ठ - 07
9. वही, पृष्ठ - 56
- डॉ अमित कुमार मिश्रा
सहायक प्राध्यापक
हरिहर साहा महाविद्यालय, उदाकिशुनगंज, मधेपुरा (बिहार)
संपर्क - 9304302308, amitraju532@gmail.com


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें