धोबी का कुत्ता न घर का न घाट का: मुहावरे का यथार्थ और प्रामाणिकता
धोबी का कुत्ता न घर का न घाट का: मुहावरे का यथार्थ और प्रामाणिकता
भाषा या कोई शब्द न तो एक दिन में बनता है और न ही यह संभव है। उसके बनने के पीछे समाज में जनता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है जो उसे व्यवहार में लाने योग्य बनाती है। विद्वानों के द्वारा बनाए गए अनेक शब्द पुस्तकों में दम घोट कर मर गए, जबकि निरक्षर समुदाय ने न सिर्फ शब्द बनाए बल्कि इतने वृहद पैमाने पर उसका प्रयोग किया कि आगे आने वाले समय में उसे सर्वमान्य भी किया गया और शब्दकोश में स्थान भी दिया गया।
इधर सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए उटपटांग बयानबाजी का एक लंबा दौर चला है। वैसे तो लंबी-चौड़ी फेहरिस्त है कि किन चीजों पर बात की जाए और किन्हें छोड़ दिया जाए, लेकिन इसी में एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी आता है कि कई लोगों ने 'धोबी का कुत्ता न घर का न घाट का' मुहावरे में प्रयुक्त 'कुत्ता' शब्द को 'कुतका' (कपड़ा कूटने वाला मुगरी या लकड़ी) प्रमाणित करने का निरर्थक प्रयास किया है।
उनका तर्क है कि इस प्रसंग में 'कुत्ता' सटीक नहीं बैठता, बल्कि इसके स्थान पर 'कुतका' होना चाहिए—यानी धोबी के कपड़ा धोने की वह लकड़ी जिसे वह नदी में बह जाने के डर से घाट से हटा देता है, लेकिन घर तक भी नहीं ले जाता; अर्थात वह न तो घाट का रह गया न घर का। उनका मानना है कि इस संदर्भ में कुत्ता शब्द अनुपयुक्त है।
परंतु, यह पूरी तरह से एक गफलत भरा और भ्रामक तथ्य है। जहाँ से इस मुहावरे ने आकार ग्रहण किया है, संस्कृत के प्राचीन ग्रंथ 'हितोपदेश' (सुहृद् भेद प्रकरण) की वह मूल कहानी कुत्ते के संदर्भ में ही है।
कहानी के अनुसार वाराणसी के कर्पूरपट नाम के धोबी के पास एक गधा और एक कुत्ता था। एक रात जब धोबी सो रहा था, तब घर में चोर घुस आया। चोर को देखकर भी कुत्ता नहीं भौंका क्योंकि वह धोबी से नाराज था। स्वामी की रक्षा के लिए गधे ने खुद जोर-जोर से रेंकना शुरू कर दिया।
नींद टूटने से गुस्साए धोबी ने चोर को तो नहीं देखा, लेकिन गधे को बेवजह चिल्लाने का दोषी मानकर उसकी डंडे से जमकर पिटाई कर दी।
इसी कथा के निष्कर्ष के रूप में समाज में इस मुहावरे का निर्माण हुआ कि जो बेकार व्यक्ति अपने मूल कर्तव्य या उपयुक्त स्थान को छोड़ देता है और कहीं का नहीं रहता, वह 'धोबी का कुत्ता' हो जाता है। अतः मुहावरे में 'कुत्ता' शब्द ही पूर्णतः शुद्ध और प्रामाणिक है, इसमें कोई दोष नहीं है। आज लोग केवल अपने-अपने चश्मे से इसे जबरन बदलने की कोशिश कर रहे हैं।
"धोबी का कुत्ता घर पर उपयोगी नहीं होता, लेकिन घाट पर बहुत उपयोगी होता है। अगर उसके 'घर और घाट के बीच फंसे होने' का संबंध मुहावरे से होता, तो मुहावरे का अर्थ 'जो कहीं का न हो' होना चाहिए था; जबकि इस मुहावरे का वास्तविक अर्थ 'जो किसी काम का न हो' होता है।"
अमित कुमार मिश्रा


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें