पहली नजर (कहानी)
-अमित कुमार मिश्रा।
वैसे तो मैं खेत-खलिहान के कामों में दिलचस्पी नहीं लेता हूँ। वह दिन मेरे लिए मुसीबत का दिन होता है जब मुझे अपने किसी लोभ के वश दादा की बातों में फंसना पड़ता है, और वे मुझे जबरन खेती के कामों में लगा दिया करते हैं।
किंतु आज अपनी इच्छा से मैं तेज-तेज कदमों से खेत की ओर बढ़ा जा रहा था। दादा, चाचा सुबह का नाश्ता ही कर रहे थे कि मैं खेत की ओर चल पड़ा। मुझे भूख तो रात को भी नहीं लगी, आज क्या लगती ?
तेज कदमों से जब खेत पर पहुँचा तो वहाँ यह देख कर घोर निराशा हुई कि, अभी तक कटनी करने वाली औरतें आई ही नहीं थी। वैसे मुझे उन औरतों से कोई खास सरोकार भी नहीं था, लेकिन मेरा सरोकार जिससे था वह भी तो इन्हीं औरतों के साथ आने वाली थी। मैं खेत की मेढ़ पर बैठ कर कल की घटनाओं को मस्तिष्क में दुहराने लगा।
कल दादाजी ने मुझे खेत पर धान की कटाई की देखरेख के लिए जाने को कहा। यदि मुझे उनसे पैसे नहीं निकलवाने होते, तो मेरे जाने का कोई प्रश्न ही नहीं था। क्योंकि मुझे उनसे सिनेमा के लिए पैसा लेना था इसलिए अनमने ही चला गया। जब खेत पर पहुँचा तो, वहाँ का दृश्य देखकर चकित रह गया। मन ही मन सोचने लगा कि आज यदि मैं नहीं आता तो अपने साथ घोर अन्याय करता।
बात ऐसी थी कि कटनी करने वाली दस-बारह औरतों में एक लड़की काफी सजी-संवरी, हाथ में हंसिया लिए, खेत में दाखिल हुई। मैंने उसे देखा, और बस मेरी निगाह वहीं की वहीं ठहर गई। उसका रंग मटमैला था लेकिन चमक ऐसी कि अभी-अभी उस पर पॉलिश किया गया हो। सूर्य की लाल किरनें उसपर पड़कर उसके रंग को चमका दे रही थी। उसने नाक-कान में आभूषण धारण कर रखे थे। गहनों के असली-नकली होने से मेरे जज्बातों का कोई सरोकार नहीं था।
सफेद बूटेदार, काली कमीज़ और उसी से मिलती सलवार उसपर काफी फब रही थी। लड़कियों की, गले तक काँलर वाली कमीज मेरा मन खिंच लेती है, वही उसने पहन रखी थी। ओढ़नी उसके कमर में बेल्ट की तरह लिपटी थी। अपने यौवन की तरफ से वह बिल्कुल बेपरवाह थी। मुझे अपनी ओर टकटकी लगाए देख उसने दो-तीन बार अपने सिने की ओर निहारा जरूर लेकिन ओढ़नी कंधों पर ले जाने की जरूरत नहीं समझी।
सभी औरतें अपना-अपना सामान किनारे रख, हंसिया लेकर कटनी करने में जुड़ गई। वह लड़की भी एक किनारे से कटनी करने लगी। मेरे अंदर हीन भाव जगी कि वह इतनी तेजी से धान काटे जा रही है और एक मैं हूँ जो घंटे भर में एक मुट्ठी भी नहीं काट पाता।
लेकिन आज मेरा यहाँ आना सफल हो गया था। और मैं एकटक उसे निहार रहा था। कुछ समय बीते मेरे दो चाचा भी वहाँ आएँ। वे लोग अपने साथ हंसिया लाए थे और स्वयं भी काम में जुट गए तथा औरों के काम-काज की देखरेख भी करने लगें।
उस लड़की की ओर मेरा टकटकी बांधे देखना किसी की निगाह से छुपा नहीं रह गया था। उसे भी तारते देर नहीं लगी कि मैं यहाँ कोई काम नहीं कर सकता हूँ, और पूरे खेत में यदि मेरे काम का कुछ है तो वही है। मेरे उसकी ओर देखने से, उसे कोई आपत्ति नहीं थी, अपितु मेरा अनुमान है कि उसे भी अच्छा लग रहा था।
जिस प्रकार मैं खेती-किसानी वाले परिवार से होते हुए भी अपने को इन से अलग रखने में अपना बड़प्पन समझता था, उसी प्रकार वह भी खुद को अपने साथियों से अलग देखना चाहती थी। यह उसके लिए बहुत बड़ी बात थी कि मेरा ध्यान सिर्फ उसकी ओर आकर्षित था। मैंने धीरे-धीरे कुछ कदम उसकी ओर बढ़ाई अवश्य, पर उसके निकट जाने का साहस नहीं जुटा सका। मेरे चाचा और उसके साथ की सभी औरतें (एक-दो पुरुष भी थे) हमें तार चुके थे। उनके लिए हमारे यह जज्बात, नादानी के अलावा कुछ नहीं था। इसी आनंद में अपना आनंद मिलाते हुए एक स्त्री ने कहा-
“थोड़ा ध्यान हम लोगों पर भी दे दीजिए, वह अकेले तो चोर है नहीं जो फसल चुरा लेगी। हम भी तो चुरा सकते हैं।”
उसकी यह ठिठोली मुझे अच्छी नहीं लगी। लेकिन मैं कर भी क्या सकता था, जहाँ मेरे दादा-चाचा अपने मजदूरों से सख्ती से बात करते हैं, वही मैं उनसे सहम कर बात करता। कई बार तो वे स्त्री-पुरुष मिलकर मेरी हँसी उड़ा देते और मैं उनसे घबराकर खेत पर जाने से और अधिक कतराता। एक बार एक स्त्री ने मुझसे कहा था-
“आप तो बिल्कुल नई नवेली दुल्हन की तरह शरमा कर चुपचाप खड़े रहते हैं।” उसने अपनी तेरह वर्षीय लड़की की ओर इशारा करके कहा-
“उससे शादी करके मेरा जमाई बन जाइए, तब आपका लजाना काम आयेगा।”
मैंने अनमने भाव से उस लड़की की ओर देखा, यह कह पाना मुश्किल था कि उस लड़की ने अंतिम बार कब नहाया था। नाक से पीला द्रव्य बार-बार निकल आता और उसे वह वापस जोर से सुरककर खींच लेती। मुझे उसे देख कर जुगुप्सा सी हुई। मैं और दूर जाकर खड़ा हो गया।
मैं खुद को पढ़ने-लिखने वालों की श्रेणी में रखता था। इस समय तक मैं हाईस्कूल उत्तीर्ण कर इंटर में प्रवेश कर चुका था। गणित-विज्ञान के साथ-साथ साहित्य भी काफी रुचि से पढ़ता। मैं खुद को इन लोगों से दूर ही रखना चाहता था।
अपने मन में विचार करता कि मेरी जिससे शादी होगी, वह काफी सजीली होगी। उसका रूप-विन्यास आकर्षक होगा। निश्चित ही वह ऐसी छवि होगी जिसे मैं शब्दों में बयान नहीं कर सकता हूँ, केवल कल्पना में ही चित्रित कर पाता था।
कल से पहले, मैं इन मजदूरों से एक निश्चित दूरी बनाकर रहता था। लेकिन कल पहली बार ऐसा हुआ कि मैं उस लड़की के करीब जाने को उतावला था। संजोग, कदम नहीं बढ़ पा रहे थे। खैर, कदम जाए न जाए, निगाह के जाने में कोई अवरोध न था। मेरा मन उससे बात करने को बेचैन हो उठा।
बाकी लोगों से मेरा जो जुड़ाव था वह यही कि सभी बीच-बीच में एक नजर मेरी तरफ और एक नजर उस लड़की की तरफ डाल देते। उस लड़की का बार-बार नजर उठा कर मेरी तरफ देखना और उसके होठों का हल्के से फैल जाना मुझे सुकून तो काफी दे रहा था। लेकिन एक बात का डर बार-बार सता रहा था कि कहीं वह इस ताका-झांकी में अपना हाथ न काट बैठे। मैं उसे भी खुद की तरह ही समझ रहा था जो एक-एक झाड़ पकड़कर काटता। यह देखकर मैं दंग था कि, निगाह मेरी तरफ करके भी वह काफी तेजी से धान काटे जा रही थी।
उन लोगों में अधिक से अधिक काटने की होड़ लगी रहती क्योंकि जो जितनी मात्रा में काट पाता उसकी मजदूरी भी उतनी ही मात्रा में मिलती थी। मेरे मन में आ रहा था, कटनी करना छोड़ वह मेरे पास आकर बैठे, मुझसे बातें करे, बदले में चाहे तो सारी फसल लेकर क्यों न चली जाए। घरवालों की मार खाने को मैं तैयार था, यह मेरे लिए कोई नई बात नहीं थी। मगर मन की हर मुराद पूरी हो यह भी तो संभव नहीं।
मैं जब भी खेत पर जाता, एक-आध घंटा गुजरते-गुजरते ही घर जाने के लिए उतावला हो उठता। कल पहली बार था, सुबह का आया शाम तक खेत पर टिका रहा। माँ ने घर से खाने के लिए बुलावा तक भेजा था लेकिन मैं गया नहीं। शाम को जब वे सभी जाने लगे तो उनके पास दिन भर की मजदूरी का धान था, जिसका गठर लोगों ने बांध रखा था। आधे से अधिक खेत काटे जा चुके थे जो शेष बचा था उसका कटना अगले दिन के लिए निर्धारित था। जाते समय सब ने एक दूसरे का बोझ उठाया, अंत में वह लड़की बच गई, संभवत: उसने जानबूझकर यह युक्ति निकाली थी।
एक स्त्री ने मुझसे कहा, ‘इसका बोझा उठा लीजिए।’ मैं इस तरह से आगे बढ़ा जैसे इस काम में मेरी कोई दिलचस्पी ही न हो। वहाँ पहुँच कर मैंने उसका बोझा उठा दिया। बोझा सिर पर टिकाने में वह थोड़ी देर का समय ले रही थी। यह भी उसके द्वारा की गई कोशिश थी, जिससे हमें थोड़ा समय मिले। इस एक पल के लिए हम बिल्कुल एक दूसरे के निकट खड़े थे, एक दूसरे के जिस्म की गरमाहट महसूस कर रहे थे, धड़कन की आवाज साफ सुनाई दे रही थी। धीरे धीरे मुझे महसूस हुआ कि मेरी कनपटी दहकने लगी है।
एक-दो और स्त्रियाँ थोड़ी दूर बढ़कर उसके चलने का इंतजार कर रही थी। इसलिए मजबूरन वह आगे बढ़ चली। मैं चुपचाप खड़े-खड़े उसे जाते देख रहा था। वह दो-चार कदम चलती और पीछे मुड़कर मुझे देख लेती। अभी उसने मुश्किल से एक खेत ही पार किया था कि अगले खेत की मेढ़ से, पीछे देखने के कारण उसे ठेस लगी और वह गिर पड़ी। थोड़ी दूर दौड़ते हुए और बाकी दिखावे की लापरवाही से चलते हुए मैं उसके पास पहुँचा। उसके पैर में मोच आई थी, मैंने उसका पैर अपने हाथ में ले लिया। लेकिन तब तक उनकी दो और साथीन वापस आई और मुझे उसका पैर छोड़ना पड़ा। उन लोगों ने देखकर बतलाया कि इसके पैर में गहरा मोच आ गया है, इसके लिए बोझ उठा कर चलना मुश्किल होगा। मैंने एक और व्यक्ति की सहायता से उसका बोझा उठा कर वापस अपने खेत के कोने में रख दिया।
वह लंगड़़ाकर धीरे धीरे जा रही थी। कल उसके घर का कोई आकर यह बोझा ले जाएगा या वह खुद ही आएगी तो वापसी में यह भी लेती जाएगी। बस, इसके बाद जहाँ तक वह दिखी मैं उसे देखता रहा और वापस अपने घर लौट आया।
घर में सभी इस बात से चकित थे कि मैं पूरे दिन खेत पर क्या करता रहा। चाचा ने पूरे घर में मेरे और उस लड़की की बात बतलाई। सभी जानते थे यह कोई गंभीरता से लेने वाली बात नहीं है, सभी ने उसे मस्करी में उड़ा दिया। यह अलग बात है कि इस घटना के कारण अगले कुछ दिनों तक मैं सब की हँसी का पात्र बना रहा।
आज उसी को देखने की तड़प मुझे सुबह-सुबह खेत में खींच लाई है। किन्तु नियति इतनी दयावान नहीं होती है, वह मनचाही वस्तु कम ही देती है। उसके साथ के सभी आ गएं, वश वह नहीं आई। काफी छटपटाहट के बाद मैंने एक स्त्री से पूछा -
“वह लड़की क्यों नहीं आई, उसका बोझा कौन ले जाएगा ?” मैंने ऐसे दर्शाया जैसे मेरी दिलचस्पी लड़की में न होकर उसके बोझे में हो। उस स्त्री ने बतलाया, ‘उसके पैर में मोच है और परसों उसे जयपुर वापस जाना है। वह अपने भाई और भाभी के साथ जयपुर ही रहती है। चार-पाँच दिनों के लिए आई थी, उन लोगों को आता देख खेत पर कटनी करने आ गई। अक्सर उसकी माँ ही इस काम पर आया करती है, आज भी वह आई है।’ और उसने उसकी माँ की ओर इशारा करके बतलाया, ‘वही उसका बोझा लेकर जाएगी।’
मैं चुपचाप से खरे-खरे, उस बोझे को निहारता रहा। पास ही कटनी कर रही एक औरत, जो अक्सर मेरे घर भी आया जाया करती थी, मेरे घर उसका सिर्फ कटाई तक का रिश्ता नहीं था। आए दिन वह घर आती और कुछ न कुछ काम किया करती है। उसने मेरी स्थिति पर चुटकी लेते हुए गाना शुरू किया-
घर-बार अपन, पीया लागे परदेश हो
हमरो तू लेले चल, अपने ही देश हो।
संगे में रहब पीया, होई न कलेस हो,
तोहरा चखाएब संईया, प्रित के सनेस हो।
हमरो तू लेले चल, अपने ही देश हो…।
अपनी मजबूरी पर गुस्सा आ रहा था। वह लड़की मेरे कारण अपने पैर में दर्द लिए बैठी है, मैं उसे देखने तक नहीं जा सकता। पता नहीं अधिक तीव्रता, उसके पैर के दर्द में थी या मेरे सीने के। मुझे तो यह भी नहीं पता कि उसे भी खेत पर न आने का दुख इसी तरह साल रहा था या मैं अकेला ही सुलग रहा था।


अच्छा लिखे हैं
जवाब देंहटाएंकहानी बहुत अच्छी लगी. इसी तरह लिखते रहने की आवश्यकता है. आप लिखें और नियमित साझा करते रहें.
धन्यवाद .